जांजगीर-चांपा। सिद्ध शक्तिपीठ चण्डी दाई मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से देवी मां को चढ़ाए गए सोने-चांदी के बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में राहत का माहौल है।
मंदिर की महंत के अनुसार, चोरी की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की सघन जांच शुरू की। लगातार छानबीन के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात को पुलिस से बचाने के लिए जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त स्थान से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की मात्रा और कीमत सहित पूरे मामले का विस्तृत ब्यौरा पुलिस द्वारा जल्द जारी किए जाने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की वारदात में आरोपियों की भूमिका, चोरी किए गए सामान और घटना के अन्य पहलुओं को लेकर जल्द ही आधिकारिक खुलासा किया जा सकता है।
