अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..देर रात पुराने बस स्टैंड में स्थित किराना दुकान में चोरों ने धावा बोल दिया।अज्ञात चोरो ने एक महीने के अंदर दूसरी बार इस दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दराज में रखा लाखों रुपए समेत कीमती सामान पार कर दिया।नगर में दिनोदिन बढ़ती चोरी उठाईगिरी एवं आपराधिक घटनाओं से व्यापारी समेत नगरवासियों में कानून व्यवस्था को लेकर आक्रोश काफी बढ़ता जा रहा है।व्यापारी समेत स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी एवं बढ़ती चोरी की घटना से उनका नगर की सुरक्षा एवं क़ानून व्यवस्था से भरोसा उठने लगा है।व्यापारियों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से नगर में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने एवं बढ़ती चोरी उठाईगिरी की घटना पर रोक लगाने की मांग की है।व्यापारी वर्ग का कहना है कि पुलिस नगर में बढ़ती चोरी एवं उठाईगिरी की घटना पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।व्यापारी वर्ग ने नगर में बढ़ती चोरी के पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में नगर का माहौल काफी अराजक हो जायेगा।उन्होंने कहा कि पुलिस के उच्चाधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए और कोई बड़ी घटना हो उससे पहले नगर की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में सुधार कर लेना चाहिए।
विदित हो कि नगर के पुराने बसस्टैंड में देर रात अज्ञात चोरों ने पुलिस की लचर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाते हुए श्री श्याम जनरल स्टोर में धावा बोल दिया।चोरो ने ताला तोड़कर शटर खोला और प्लाईवुड की आलमारी में सेंधमारी करते हुए अंदर घुसकर गल्ले में रखा नगदी सवा लाख रुपये और कीमती सामान पार कर दिया।थाने के ठीक पीछे नेशनल हाईवे क्र-43 से सटे इस किराना दुकान में चोरों ने पहले भी रात को धावा बोला था और शटर तोड़कर दुकान से कीमती सामान ले गए थे।उसी रात चोरों ने किराना दुकान के सामने मौजूद मोबाइल दुकान में भी धावा बोला था और वहाँ से लाखों का मोबाइल एवं सामान पार कर दिया था।एक महीने के अंदर चोरों ने दूसरी बार इस दुकान को अपना निशाना बनाया और इस बार दुकान से नगदी समेत कीमती सामान पार कर दिया।सुबह जब दुकान में चोरी की घटना की जानकारी संचालक सीताराम गोयल को मिली तो वो और उनके दोनों बेटे दुकान पहुँचे।दुकान के अंदर घुसकर देखा तो किराने का सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था और चोर गल्ला तोड़कर उसमे रखा सवा लाख रुपये पार कर चुके थे।पुराने बसस्टैंड में हुई चोरी की घटना की खबर सुनते ही नगर के अन्य व्यापारी समेत स्थानीय लोग भी काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए थे।सभी ने इस चोरी के साथ नगर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए नगर की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था पर जमकर भड़ास निकाली।चोरी की घटना में लाखों गवाने के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुँचा और दुकान में हुई चोरी की घटना से पुलिस को अवगत कराया।सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात चोरों की पत्तासजी में जुट गई है।अब ये देखना लाजमी होगा कि इस बार चोर पुलिस की गिरफ्त में आते हैं या इस बार भी पहले की तरह बचकर निकल जायेंगे।
स्थानीय चोर होने की आशंका
गौरतलब है कि स्थानीय पुलिस नगर में हुए एक करोड़ की उठाईगिरी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में बाहर गई हुई है।यह बात चोरों को पता होगा और चोरों ने मौके का फायदा उठाया और श्री श्याम किराना दुकान में धावा बोलते हुए लाखों रुपए नगदी समेत कीमती सामान पार कर दिया।पुराना बसस्टैंड स्थित किराना दुकान में एक महीने के अंदर हुए दो बार चोरी की घटना समेत नगर में बढ़ती चोरी उठाईगिरी एवं चेन स्नेचिंग की घटना से नगर के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।उनका कहना है कि विगत पांच छः महीने के अंदर नगर में चोरी,चेन स्नेचिंग की कई घटनाएं हो गई।लेकिन आज तक पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई और न ही किसी मामले में चोर पकड़ पाई।जिसकी वजह से अपराधियों के इरादे काफी बुलंद थे और उन्होंने इसी बुलंद इरादे के साथ पुलिस की कमजोरी का फायदा उठाते हुए दस दिन पहले नगर से दिनदहाड़े एक करोड़ के गहनों की उठाईगिरी करते हुए फरार हो गए।जिनका पुलिस आज तक पता नही लगा पाई है उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दर दर की ठोकरे खा रही है।
