अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..गरीबों को पक्का मकान देने की केंद्र सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना अनियमितता की भेंट चढ़ गई।महिला सरपंच ने अपने चहेतो को उपकृत करने इस योजना के लिए पात्र को अपात्र और अपात्र को पात्र कर दिया।जिससे भड़के ग्रामीणों ने जनदर्शन में सरपंच के विरुद्ध धांधली का आरोप लगा कलेक्टर को ज्ञापन सौंप जांच की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि महिला सरपंच ने अपने लोगो को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए सारे नियमों को दरकिनार कर दिया है।सरपंच के इस रवैये से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विदित हो कि प्रधानमंत्री आवास योजना भारत सरकार की एक बड़ी योजना है जो गरीबों को पक्का घर देने के लिए चलाई जा रही है।इस योजना के तहत कच्चे मकान में रहने वाले गरीब तबके के लोगो को पक्का मकान उपलब्ध कराना है।इसके लिए केंद्र सरकार ग्राम पंचायत के मैदानी क्षेत्र में रहने वाले जरूरतमंदों को एक लाख बीस हजार रुपये उनके खाते में जमा करा रही है।ताकि गरीब एवं जरूरतमंद इंसान का पक्के मकान में रहने का सपना पूरा हो सके।इस योजना के तहत ग्राम पंचायत सोनातराई के दर्जनो भर जरूरत एवं पात्र लोगों ने भी अपना दावा पेश किया था।ताकि केंद्र सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहयोग की बदौलत वो भी पक्के मकान का अपना सपना पूरा कर सके।
लेकिन ग्राम पंचायत की महिला सरपंच ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उनके सपनों पर पानी फेर दिया।सरपंच ने अपने चहेतों को उपकृत करने के लिए इस योजना में जमकर धांधली की और पात्र को अपात्र और अपात्र को पात्र बना दी।सरपंच ने ग्रामसभा के बजाए बन्द कमरे में सूची तैयार करते हुए सारे नियमों को ताक पर रखते हुए इस फर्जीवाड़े को अंजाम दी।प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची तैयार करने के बाद सरपंच काफी दिनों तक इसे दबाये बैठी थी ताकि लोगों को इसकी भनक न लग सके।ग्रामीण जब भी इस बारे में जानकारी मांगते सरपंच उनकी बातों को टाल देती थी।
आखिरकार ग्रामीणों को जब इस बात की भनक लगी तो वो आक्रोशित हो उठे और महिला सरपंच से इस संबंध में जवाब तलब करने लगे लेकिन सरपंच ने उनकी बातों को दरकिनार कर दिया।सरपंच के इस मनमानी रवैये से नाराज ग्रामीणों की भीड़ जनदर्शन पहुँची।जहाँ उन्होंने महिला सरपंच पर प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली बरतने एवं पात्र को अपात्र एवं अपात्र को पात्र करने का आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंप जांच की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिल गुप्ता अनिल दास अमित दास रत्नावली चांदनी गुप्ता विशिला गुप्ता सकलपति इंद्रावती विमला तारा दीपक मंगेशर समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
