रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही 24 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 की शाम 5:00 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार का अवसर भी दिया जाएगा। यदि आवेदन भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो 22 अगस्त से 24 अगस्त 2026 की शाम 5:00 बजे तक उसमें संशोधन किया जा सकेगा। नोटिफिकेशन के अनुसार, यह परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित किए जाने की संभावना है, जिसके लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे 15 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा का आयोजन राज्य के 16 जिला मुख्यालयों में किया जाएगा और इसके लिए एडमिट कार्ड 5 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।

शुल्क भुगतान और रिफंड के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन का एक महत्वपूर्ण नियम लागू रहेगा। ऑनलाइन आवेदन के समय सभी अभ्यर्थियों को शुल्क देना होगा, लेकिन राज्य के मूल निवासी अभ्यर्थी यदि परीक्षा में शामिल होते हैं, तो उनका परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस (रिफंड) कर दिया जाएगा जिससे भुगतान किया गया था। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करते समय अपने स्वयं के सक्रिय बैंक खाते का ही विवरण दर्ज करें। अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अभ्यर्थी समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें और अपने सक्रिय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी व आवेदन पत्र की प्रति को सुरक्षित रखें।
