जांजगीर-चांपा। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी खोखरा के रहवासी बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान हैं। आरोप है कि कॉलोनी के प्रत्येक परिवार से सफाई, पेयजल और रखरखाव के नाम पर हर माह ₹500 की वसूली की जाती है, लेकिन बदले में लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
कॉलोनी में न तो नियमित साफ-सफाई होती है और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था है। कई स्थानों पर नालियां तक नहीं बनी हैं, जिससे बारिश का पानी जमा रहता है। गंदगी और झाड़ियों के कारण घरों में जहरीले सांप और बिच्छू निकल रहे हैं, जिससे लोगों में हर समय जान का खतरा बना रहता है।

रहवासियों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और कॉलोनी इंचार्ज से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि रखरखाव शुल्क नियमित वसूला जा रहा है, जबकि कॉलोनी की सड़कें जर्जर हैं, नालियां टूटी या गायब हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
स्थानीय लोगों ने हाउसिंग बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल सफाई अभियान चलाने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और वसूले जा रहे रखरखाव शुल्क का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
