सूरजपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। अंबिकापुर की ओर से सूरजपुर जा रही एक नई ट्रक पर अचानक सड़क किनारे लगा भारी-भरकम पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ सीधे चलते ट्रक के केबिन पर गिरा, जिससे केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों और जयनगर थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
चालक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
