भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति और विकास के लिहाज से आज का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज रविवार को ऐतिहासिक स्थल जगदीशपुर (पुराना इस्लामनगर) में कैबिनेट और मंत्रि-परिषद की विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) के ड्राफ्ट को मंजूरी मिलने की प्रबल संभावना है, जिसे प्रदेश की प्रशासनिक और सामाजिक दिशा बदलने वाले एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कैबिनेट बैठक के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव जगदीशपुर की धरती से प्रदेश के अन्नदाताओं को एक बड़ी वित्तीय सौगात देने जा रहे हैं। वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 10.54 लाख किसानों के खातों में सीधे 1,460.25 करोड़ रुपये की क्लेम राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित (ट्रांसफर) करेंगे। जनसम्पर्क अधिकारी अवनीश सोमकुअर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी योजना के शुरू होने से लेकर वित्तीय वर्ष 2024-25 तक प्रभावित किसानों को कुल 30,942.34 करोड़ रुपये का भुगतान कर उनके वित्तीय हितों की रक्षा की जा चुकी है, जो प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित हुआ है।
इस बड़े आयोजन के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए एक जरूरी सतर्कता संदेश भी जारी किया है। आगामी मौसम में अल-नीनो प्रभाव के चलते कम या अनिश्चित मानसून की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित नुकसान से बचने के लिए अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा तय समय सीमा से पहले जरूर करा लें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश सरकार हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अपने अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके कल्याण के लिए निरंतर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
