सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बच्चों समेत कुल 15 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले हैं। यह सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुदरगढ़ देवी धाम के दर्शन करने जा रहे थे, तभी ओडगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांक घाट के पास यह हादसा हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओडगी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से 13 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, ओडगी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
