बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर नगर पंचायत में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर पंचायत के वार्ड पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष धरम सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए उनसे नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की है। पार्षद गुप्ता ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि प्रदेश, केंद्र और स्थानीय नगर पंचायत में एक ही दल (भाजपा) की सरकार होने के बावजूद क्षेत्र में न तो विकास कार्य गति पकड़ पा रहे हैं और न ही प्रशासनिक मामलों में कोई अपेक्षित प्रगति दिखाई दे रही है। स्थिति यह है कि स्वयं अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायतों पर भी प्रशासन कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह ने पूर्व में स्ट्रीट लाइट खरीदी में गड़बड़ी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) पर डीजल चोरी के आरोप और परिषद की बैठक पंजी के दस्तावेजों में कथित हेरफेर कर प्रतीक्षा बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने जैसे संवेदनशील मामलों की शिकायतें की थीं। लेकिन विडंबना यह है कि इन गंभीर मामलों में अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
गुप्ता ने दावा किया कि डीजल चोरी के मामले में आरोप प्रमाणित होने के बाद भी संबंधित सीएमओ के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक नगर पंचायत अध्यक्ष की अपनी शिकायतों पर ही सुनवाई नहीं हो रही है, तो आम जनता की समस्याओं का भगवान ही मालिक है। पार्षद ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि अध्यक्ष अपने कार्यकाल में उठाए गए बुनियादी मुद्दों का समाधान कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
