– हत्या की आशंका, बाइक और चप्पल गायब
सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर्ड एसईसीएल (SECL) कर्मचारी का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय भारत यादव के रूप में हुई है, जो केशव नगर के निवासी थे। शव के हाथ पर चोट के निशान मिलने के कारण परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, भारत यादव बीते शाम को अपने घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। अगली सुबह सड़क किनारे उनका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल और चप्पल भी गायब हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
