बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां रफ्तार के कहर ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। पलारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम संडी की शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत दो कर्मचारी, सत्यप्रकाश सोनवानी और गोपी किशन आदिल, रोज की तरह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से बलौदाबाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 11:00 बजे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मोटर साइकिल को कुचलने के बाद वह कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
