अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्र मैनपाट में प्रस्तावित चार बॉक्साइट खदानों की पर्यावरणीय स्वीकृति को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन खदानों के लिए आगामी 23 जून से जनसुनवाई कार्यक्रमों की शुरुआत होने जा रही है। इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कानून-व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और प्रशासनिक नियंत्रण बनाए रखने के लिए अनुभवी कार्यपालिक दण्डाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, जनसुनवाई की शुरुआत 23 जून 2026 को तहसील कार्यालय नर्मदापुर के सामने से होगी। इसके बाद 24 जून को शासकीय प्राथमिक शाला पथरई के प्रांगण में, 1 जुलाई को कमलेश्वरपुर हाई स्कूल परिसर (थाना के बगल में) और अंत में 2 जुलाई को माध्यमिक विद्यालय सरभंजा में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। सभी स्थानों पर यह प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जहां स्थानीय नागरिक और प्रभावित पक्ष अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगे।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीतापुर के अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) फागेश सिन्हा को संपूर्ण कार्यक्रम का ओवरऑल प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, अलग-अलग जनसुनवाई स्थलों पर सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की एक मजबूत टीम तैनात की गई है। इनमें मैनपाट के तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज, सरगुजा की तहसीलदार चित्रलेखा, उप तहसील राजापुर के नायब तहसीलदार निखिल श्रीवास्तव, सीतापुर के नायब तहसीलदार राजेश यादव व उमेश तिवारी, और जिला सरगुजा की भू-अभिलेख अधीक्षक उषा नेताम शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों को सौंपे गए मजिस्ट्रियल दायित्वों के तहत मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
