जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रफ्तार के वीभत्स कहर की एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर वाहन ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से रौंद दिया। कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर स्थित खड़सा गांव में हुए इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि युवक को कुचलने के बाद अनियंत्रित फॉर्च्यूनर सड़क किनारे बने एक खेत में जा उतरी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार वाहनों के आतंक को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उत्तेजित भीड़ को शांत कराते हुए मामले को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर वाहन की तलाशी ली। वाहन के आगे ‘प्रेस’ लिखा हुआ था और तलाशी के दौरान गाड़ी के भीतर से “जोहार छत्तीसगढ़ न्यूज़” का मीडिया माइक आईडी बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में दुर्घटनाकारित वाहन कुनकुरी क्षेत्र का ही बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि वाहन सचमुच किसी मान्यता प्राप्त पत्रकार का है या रसूख दिखाने के लिए ‘प्रेस’ शब्द का दुरुपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
