जांजगीर-चांपा। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और जनहितैषी बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बड़ा फेरबदल किया है। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत भू-अभिलेख शाखा में कार्यरत 15 राजस्व निरीक्षकों (आरआई) का ट्रांसफर कर उन्हें नवीन जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक एवं कार्यालयीन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस फेरबदल से न केवल राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी आएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
कलेक्टर द्वारा जारी सूची के अनुसार, अशोक कुमार साहू को जांजगीर से अमोरा, मिमांशु भास्कर को सुकली से मुलमुला, ऋचा राठौर को बिरगहनी से नजूल चांपा, चंदराम साहू को नवागढ़ से पहरिया और किशोर सिंह सिदार को शिवरीनारायण से सारागांव भेजा गया है। इसी तरह जितेंद्र सिंह को कोटगढ़ व अकलतरा से हटाकर बलौदा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जागेश्वर सिहानी अब बलौदा के स्थान पर अकलतरा में सेवाएं देंगे। रामायण प्रसाद सूर्यवंशी का तबादला पहरिया से बम्हनीडीह, जयनारायण भूपेंद्र का मुलमुला से शिवरीनारायण और आदित्य झा का राहौद से पामगढ़ किया गया है।
इसी कड़ी में संजय सोनी को खरौद से राहौद, शीला देवांगन को नजूल चांपा से सुकली, भागवत सिंह गोंड़ को सारागांव से जांजगीर और शेख मोहम्मद मुजीब को बम्हनीडीह से नवागढ़ पदस्थ किया गया है। वहीं, साहेब लाल टंडन को राजस्व निरीक्षक वर्कलोड से जिला कार्यालय की नजूल शाखा में भेजा गया है। इस फेरबदल में प्रशासनिक सुगमता के लिए कुछ अधिकारियों को उनके मुख्य दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।
