अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। तकिया पावर हाउस के पास वनभूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए 17 मकानों को ढहाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर गरजा है। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए सुबह 7 बजे से ही वन विभाग की टीम और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया था, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
गौरतलब है कि वन विभाग द्वारा इस क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पूर्व में ही नोटिस जारी किया जा चुका था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद, रविवार सुबह दल-बल के साथ पहुंचे वन अमले और पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाला। प्रशासन की इस सख्त हिदायत और कार्रवाई के तहत बुलडोजर एक्शन लगातार जारी है, और अवैध रूप से निर्मित मकानों को पूरी तरह से जमींदोज किया जा रहा है। मौके पर तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल की पैनी नजर बनी हुई है।
