कोलकाता। पश्चिम बंगाल की महिलाओं के लिए आज का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया है, जहां राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वेस्ट बंगाल ट्रांसपोर्ट स्कीम’ के तहत आज से सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सेवा शुरू हो गई है। यह सुविधा स्थानीय रूटों से लेकर दीघा से दार्जिलिंग और हावड़ा से मानिकतला जैसी लंबी दूरी की यात्राओं पर भी समान रूप से लागू होगी। परिवहन विभाग के अनुसार, NBSTC, SBSTC, WBTC और CTC के अंतर्गत आने वाली सभी सरकारी बसों में महिलाएं बिना कोई किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। इस ऐतिहासिक कदम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उनके दैनिक यात्रा खर्च को कम करना है।
इस योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही ‘पिंक कार्ड’ नाम से एक विशेष स्मार्ट कार्ड जारी करने जा रही है। यह गुलाबी रंग का कार्ड एक डिजिटल फ्री ट्रैवल पास की तरह काम करेगा। बस में चढ़ने के बाद महिलाएं कंडक्टर के पास उपलब्ध ई-पॉस (e-POS) मशीन के जरिए इस कार्ड को स्वाइप या क्यूआर कोड स्कैन कराकर ‘जीरो-वैल्यू टिकट’ प्राप्त कर सकेंगी। यह स्मार्ट कार्ड पूरी तरह से निशुल्क होगा और इसके लिए कोई उम्र सीमा तय नहीं की गई है। हालांकि, यह कार्ड पूरी तरह गैर-हस्तांतरणीय होगा, यानी जिस महिला के नाम पर यह जारी होगा, केवल वही इसका लाभ ले सकेंगी। साथ ही, लाभार्थी का पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
चूंकि इस डिजिटल ‘पिंक कार्ड’ को पूरी तरह से रोलआउट होने में अभी थोड़ा समय लगेगा, इसलिए सरकार ने अंतरिम व्यवस्था के तौर पर आज से ही मुफ्त यात्रा की अनुमति दे दी है। जब तक कार्ड बनकर नहीं आता, तब तक महिलाएं बस कंडक्टर को अपनी पहचान सत्यापित कराने के लिए कुछ तयशुदा फोटो पहचान पत्रों में से कोई भी एक दस्तावेज दिखाकर मुफ्त ‘जीरो-वैल्यू टिकट’ ले सकती हैं। इन मान्य दस्तावेजों में वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, मनरेगा जॉब कार्ड या फोटो युक्त कोई भी वैध सरकारी नौकरी या पेंशन से जुड़ा दस्तावेज शामिल है। इनमें से किसी भी एक विकल्प को दिखाकर आज से ही सफर का आनंद लिया जा सकता है।
भविष्य में इस विशेष ‘पिंक कार्ड’ को प्राप्त करने के लिए महिलाएं दो माध्यमों से आवेदन कर सकेंगी। ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत नजदीकी बीडीओ (BDO) कार्यालय, एसडीओ (SDO) कार्यालय या नगरपालिका कार्यालय से फॉर्म लेकर जमा किया जा सकता है। वहीं, जो महिलाएं ऑनलाइन आवेदन करना चाहती हैं, वे सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर सीधे अप्लाई कर सकेंगी। आवेदन करते समय फॉर्म के साथ पहचान पत्र, पते का प्रमाण पत्र और एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना आवश्यक होगा, जिसके बाद विभाग द्वारा जांच कर यह स्मार्ट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
