रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के लोईंग बाजार स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा में रविवार रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बैंक परिसर से उठती तेज लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
यह बैंक स्थानीय निवासी मनोज प्रधान के मकान में किराए पर संचालित हो रहा था। रात करीब 9:30 बजे जब मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाले लोगों ने नीचे बैंक से भारी मात्रा में धुआं निकलते देखा, तो उन्होंने फौरन इसकी सूचना बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार को दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँच गईं, लेकिन तब तक आग ने बैंक के एक बड़े हिस्से को अपनी आगोश में ले लिया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया। बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार के मुताबिक, प्राथमिक स्तर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बारीकी से जांच की जा रही है।
इस हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बैंक के भीतर रखा कीमती फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंप्यूटर-प्रिंटर जैसे तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। बैंक की मुख्य तिजोरी (लॉकर) इस आग की चपेट में आने से बची है या उसे नुकसान पहुँचा है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
