रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां जिला कलेक्ट्रेट के ठीक सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही जैन समाज की महिला धर्मगुरुओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में जैन समाज की एक वरिष्ठ महिला धर्मगुरु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ चल रहीं दो अन्य महिला गुरु गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि दिवंगत महिला धर्मगुरु मूल रूप से सागर जिले की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से सतना से रीवा प्रवास पर आई हुई थीं।
इस दुखद घटना की खबर फैलते ही पूरे जैन समाज में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के तुरंत बाद बड़ी संख्या में जैन समाज के अनुयायी और स्थानीय लोग संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों के त्वरित इलाज के निर्देश दिए गए हैं, वहीं समाज के लोगों ने अत्यंत गमगीन माहौल में दिवंगत धर्मगुरु की अंतिम यात्रा निकाली, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
सड़क हादसे को अंजाम देकर भाग रही आरोपी गाड़ी को पकड़ने के लिए पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को जबलपुर से ज़ब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। रीवा पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
