धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम पंचायत ईर्रा में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की तैयारी अब एक गंभीर विवाद में बदल गई है। इस प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति और उसके परिजनों ने ग्राम पंचायत के सरपंच सूर्यकांत साहू के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामला उस समय और गरमा गया जब विवाद का वीडियो बना रहे सरपंच का मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और उनके बेटे को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष साहू को हिरासत में ले लिया है।
यह पूरा विवाद बीते 14 मई का है, जब ईर्रा पंचायत भवन में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित थी। पंचायत प्रशासन ने इस कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए पहले ही पुलिस बल के सहयोग की मांग की थी। इसी दौरान आरोपी संतोष साहू अपने परिजनों के साथ पंचायत भवन में घुस आया और वहां मौजूद सरपंच सूर्यकांत साहू के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी के पक्ष में आए अन्य लोग भी पंचायत भवन के बाहर जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस घटना के विरोध में और सरपंच के समर्थन में पूरी ग्राम पंचायत एकजुट हो गई है। उपसरपंच यामिनी सुमन साहू सहित लक्ष्मी निषाद, लेखराम कामड़े, चितरेखा महार, नीरा बाई और रमेश साहू जैसे दर्जन भर से अधिक पंचों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भखारा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस घटना को लोकतंत्र और प्रशासनिक कार्य में सीधा हस्तक्षेप बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए है।
