अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर ईंधन की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेसियों ने चार दिवसीय क्रमिक आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। विरोध प्रदर्शन के पहले दिन सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पेट्रोल पंपों के सामने इकट्ठा होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ‘मोदी हटाओ-देश बचाओ’ और ‘पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम वापस लो’ जैसे गगनभेदी नारों के साथ कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तिलक बेहरा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह निरंकुश और तानाशाह हो चुकी है। उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को आश्वस्त किया था कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडारण है और किसी को भी रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल के लिए चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
लेकिन चुनाव खत्म होते ही देश के सामने ईंधन का विकराल संकट खड़ा हो गया है। आज आपूर्ति बाधित होने से पेट्रोल पंप बंद होने की कगार पर हैं और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। बेहरा ने आरोप लगाया कि झूठे वादे कर जनता के भरोसे पर कुठाराघात किया गया है और संकट समाधान के बजाय कीमतें बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है। कांग्रेस इस बेतुके फैसले का पुरजोर विरोध करती है।
चार दिनों तक चलने वाले इस चरणबद्ध आंदोलन के पहले दिन कांग्रेस ने अपनी एकजुटता और आक्रामकता से साफ कर दिया है कि यह विरोध आने वाले दिनों में और तेज होगा। प्रदर्शन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप गुप्ता, प्रेमदान कुजूर, सरपंच सुखदेव भगत, पार्षद अंकुर दास, रामकुमार गुप्ता, जमुना यादव, विजय गुप्ता, नरेश बघेल, मिन्हाज खान, राजेश मिंज, संतोष गुप्ता, बॉबी वाधवा, नोहर साय तिर्की, दिलेश तिग्गा और मंटू गुप्ता समेत भारी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
