कवर्धा। छत्तीसगढ़ में कवर्धा जिले के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत लालपुर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पुलिस प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद की गई है। इस रहस्यमयी मौत के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय बहादुर सिंह मरावी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम अंजना रेंगाखार के निवासी थे और वर्तमान में कवर्धा पुलिस लाइन में रह रहे थे। बहादुर सिंह पहले कवर्धा के ही एसआईबी (SIB) शाखा में पदस्थ थे, लेकिन हाल ही में उन्हें रायपुर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में संबद्ध (अटैच) किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रधान आरक्षक का अतीत विवादों से घिरा रहा है। पूर्व में एक युवती से जुड़े मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद ही उनका ट्रांसफर रायपुर मुख्यालय किया गया था। बहरहाल, कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है।
