सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम केवरा में आज एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। यहाँ केवरा से भैयाथान की ओर जा रहे एक टीवीएस एक्सएल सवार दंपति अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान पीछे से आ रहे कोयला परिवहन में लगे एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पर गिरी महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
दुर्घटना से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और प्रशासन की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक महिला के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। वर्तमान में मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और भारी वाहनों की कतारें लग गई हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को शांत कराने और यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटा है।
