नई दिल्ली/गुवाहाटी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वोत्तर के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या के पावन धाम में सपरिवार मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए भारत की निरंतर प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा। दर्शनोपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने असम की राजनैतिक स्थिरता और विकास का श्रेय दैवीय कृपा को दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि असम में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार का बनना साक्षात मां कामाख्या देवी का ही आशीर्वाद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता का अटूट विश्वास और मां की असीम अनुकंपा असम को विकास के नए सोपान तक ले जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित असम’ की इस गौरवमयी यात्रा को सफल बनाना है।
पूर्वोत्तर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने इसे ‘अष्टलक्ष्मी’ की संज्ञा दी और कहा कि यह क्षेत्र आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ विकास की अद्भुत शक्ति का केंद्र है। सदियों से शक्ति और साधना की प्रेरणा देने वाली मां कामाख्या की यह पुण्यभूमि न केवल सनातन परंपरा की संवाहक है, बल्कि पूरे राष्ट्र को एक नई ऊर्जा से ओत-प्रोत करती है। मुख्यमंत्री ने अंत में कामना की कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए निरंतर वैभव और गौरव के पथ पर अग्रसर रहे।
