दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी में दूषित खाद्य पदार्थ के सेवन से हड़कंप मच गया। गांव के साप्ताहिक बाजार में ठेले से चाट-गुपचुप खाने के बाद करीब 25 ग्रामीण अचानक उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और गांव पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुनेश्वर कठौतिया के मार्गदर्शन में डॉक्टरों और मितानिनों की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे शुरू किया है। टीम ने मौके पर ही मरीजों की पहचान कर उनका प्राथमिक उपचार किया। वहीं, गंभीर रूप से बीमार लोगों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन रेफर किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, समय पर मिले उपचार के कारण वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। इस बीच, सीएमएचओ मनोज दानी ने ग्रामीणों से अपील की है कि भीषण गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए बासी भोजन या खुले में बिकने वाले दूषित खाद्य पदार्थों से परहेज करें। स्वास्थ्य विभाग ने साफ-सफाई बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है।
