जांजगीर चांपा। धुरकोट गांव में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की घटना से हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 वर्षीय अखिलेश धीवर की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, बच्चों ने शाम के समय तरबूज और रात में चिकन का सेवन किया था। इसके बाद देर रात सभी बच्चों को तेज पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना में हितेश धीवर (12 वर्ष), पिंटू धीवर (18 वर्ष) और श्री धीवर (4 वर्ष) का इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं और फूड पॉइजनिंग के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की है।
