अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे 130 पर आज एक बड़ा हादसा हो गया, जहाँ गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक बिलासपुर से अम्बिकापुर की ओर आ रहा था, तभी ग्राम राजपुर कला के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक बीच सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे के बाद ट्रक में लदे गैस सिलेंडर पूरे नेशनल हाइवे पर बिखर गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिखरे हुए सिलेंडरों को सड़क से हटवाने और यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने का प्रयास शुरू कर दिया है। गैस सिलेंडर होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से भी एहतियात बरती जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
