सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र में स्थित सूरजपुर जिले में शनिवार की शाम मौसम के मिजाज ने अचानक करवट ली। शाम करीब 4 बजे आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जहाँ एक ओर लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी ओर जबरदस्त तबाही भी मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के चलते पूरे जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र के कई विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर धराशाई हो गए।
आंधी का सबसे बुरा असर विद्युत व्यवस्था पर पड़ा। कई स्थानों पर भारी पेड़ और टहनियां बिजली के तारों पर गिर गईं, जिससे तार टूटकर सड़कों पर बिखर गए। इस वजह से जिले के बड़े हिस्से में लगभग 6 घंटे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। देर शाम तक विभाग की टीमें टूटे हुए तारों और गिरे हुए पेड़ों को हटाकर व्यवस्था बहाल करने की मशक्कत करती रहीं। फिलहाल, जनहानि की कोई सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुँचा है।
