रायपुर। छत्तीसगढ़ की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की बदहाली को मुद्दा बनाकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आज प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर की सड़कों पर आज सुबह 11:30 बजे से भारी गहमागहमी देखने को मिलेगी, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद और नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का हुजूम मुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव करने कूचेगा।
कांग्रेस का सीधा आरोप है कि प्रदेश के जिला अस्पतालों से लेकर ‘हमर क्लीनिक’ तक, हर जगह अव्यवस्था का आलम है और आम जनता इलाज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। पार्टी के अनुसार, प्रदेश भर के चिकित्सा केंद्रों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी है, जिस पर सरकार की चुप्पी उसकी संवेदनहीनता को दर्शाती है।
सुविधाओं के अभाव और चरमराती चिकित्सा सेवाओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग के साथ आज होने वाला यह विरोध प्रदर्शन सरकार की घेराबंदी करने की एक बड़ी रणनीतिक तैयारी मानी जा रही है।
