जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक हाईवे पर सरेआम धारदार हथियार लहराते हुए राहगीरों को अपनी दहशत का शिकार बनाने लगा, लेकिन यातायात पुलिस की मुस्तैदी ने एक संभावित खूनी खेल को समय रहते नाकाम कर दिया। 6 मई 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे, जब यातायात पुलिस की टीम सड़क सुरक्षा के मद्देनजर रूटीन पेट्रोलिंग पर थी, तभी सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास प्रकाश सूर्यवंशी नामक युवक लोहे का कत्तानुमा हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत की टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को हथियार समेत रंगे हाथों दबोच लिया। हथनेवरा निवासी 30 वर्षीय इस युवक को तत्काल सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहाँ थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक बड़े हादसे को टाल दिया, बल्कि हाईवे पर सफर करने वाले आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भरोसा भी बहाल किया है।
