बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरा युवक सरेआम धारदार चाकू लहराते हुए ग्रामीणों को डराने लगा। आरोपी राजू साहू, जो कि चिंगराजपारा का निवासी बताया जा रहा है, अपनी बाइक पर सवार होकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। उसकी इस हरकत से लोग सहमने के बजाय एकजुट हो गए और साहस का परिचय देते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया।
ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने आरोपी को पकड़कर रस्सियों से बांध दिया और पुलिस के आने तक उसकी जमकर ‘खातिरदारी’ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घातक चाकू और उसकी बाइक जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है, जिससे इलाके में शांति बहाल हो गई है।
