अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। यह दुखद घटना तब घटी जब पीड़िताएं अपने घर के समीप आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रही थीं।
विशेष पिछड़ी जनजाति ‘मांझी’ समुदाय से ताल्लुक रखने वाली ये दोनों नाबालिग बच्चियां 24 अप्रैल की देर रात जब शादी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर की ओर जा रही थीं, तभी रास्ते में दरिंदों ने उन्हें अपनी हवस का शिकार बनाया।
पीड़ित परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, इस वीभत्स वारदात को 8 से 9 युवकों ने अंजाम दिया है। मामले की सूचना मिलने के बाद हरकत में आई सीतापुर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से शिकायत दर्ज कर ली है।
पुलिस ने फिलहाल नामजद 3 आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन त्वरित कार्रवाई में जुट गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
