अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर वनक्षेत्र स्थित ग्राम कुंवरपुर का जंगल इन दिनों भीषण आग की चपेट में है। नेशनल हाईवे 130 के बिल्कुल करीब होने के बावजूद, यहां के जंगल में लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लगभग 1 किलोमीटर का दायरा बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस आग के कारण न केवल पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि स्थानीय पर्यावरण पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अज्ञात लोगों द्वारा बार-बार जानबूझकर जंगल में आग लगाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के पास ही वन विभाग का कार्यालय स्थित है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं। वन विभाग की इस उदासीनता और लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है, जो प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
