रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों का धैर्य अब रंग लाने वाला है। राज्य के कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों के लिए बहुप्रतीक्षित परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे। परिणामों की घोषणा दोपहर ठीक 02:30 बजे की जाएगी, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों की उत्सुकता का दौर समाप्त हो जाएगा।
इस साल की बोर्ड परीक्षाओं में आंकड़ों की बात करें तो कक्षा 10वीं की परीक्षा में लगभग 3.21 लाख और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में करीब 2.45 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे, जो अब अपने भविष्य के अगले चरण की ओर बढ़ने के लिए तैयार हैं। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इस घोषणा की पुष्टि करते हुए इसे केवल अंकों का विवरण मात्र नहीं, बल्कि छात्रों की वर्ष भर की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उनके शिक्षकों व अभिभावकों के निरंतर मार्गदर्शन का फल बताया है।
मंत्री ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आग्रह किया कि वे धैर्य बनाए रखें और परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करें। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक परिणाम जीवन में एक नई शुरुआत का संकेत होता है और हर युवा में भविष्य की राह बनाने की अपार संभावनाएं निहित हैं, इसलिए आत्मविश्वास के साथ अपनी आगे की यात्रा की शुरुआत करें।
छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट 2026 कैसे चेक करें?
छत्तीसगढ़ बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा 2026 का परिणाम आप आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए आपको अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा।
ऐसे चेक करें सीजी बोर्ड 10वीं-12वीं 2026 का परिणाम
– परीक्षार्थी सबसे पहले CGBSE की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाएं।
– इसके बाद CGBSE 10वीं रिजल्ट 2026 / CGBSE 12वीं रिजल्ट 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
– अब परीक्षार्थी 10वीं या 12वीं बोर्ड परीक्षा का रोल नंबर दर्ज कर सबमिट करें।
– आपका मार्कशीट स्क्रीन पर खुल जाएगी।
– अब परिणाम चेक करें और पीडीएफ को डाउनलोड करें, ताकि भविष्य में ये काम आएगा।
