कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपाराई में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पर्यटन के लिए केरल से आए 13 लोगों से भरी एक वैन पहाड़ी मार्ग के 13वें हेयरपिन मोड़ पर बेकाबू होकर लगभग 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही स्कूल में कार्यरत 7 शिक्षिकाएं, एक स्कूल कर्मचारी और एक 12 वर्षीय बच्चा शामिल है।
जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम जिले से पर्यटक वैन में वालपाराई घूमने आए थे और वापसी के दौरान पोल्लाची जाते वक्त यह हादसा हुआ। 13वें हेयरपिन मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वैन सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए सीधी खाई में जा गिरी और 9वें मोड़ के पास जाकर पलट गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान 2 अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों में आशा, शकिला और सजीता जैसी शिक्षिकाएं और मजीद नामक कर्मचारी शामिल हैं, जबकि 3 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज पोल्लाची सरकारी अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया।
केरल के बिजली मंत्री कृष्णन कुट्टी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा करने का आश्वासन दिया है। जिला कलेक्टर पवन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।
