रायपुर. भीषण गर्मी और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी है. रेलवे प्रशासन ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग स्टेशनों से होकर गुजरने वाली 11 जोड़ी यानी कुल 23 समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो कुल 86 फेरों के लिए संचालित की जाएंगी.
उत्तर भारत की यात्रा करने वालों के लिए दुर्ग-हरिद्वार-दुर्ग साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 19 अप्रैल से 29 जून 2026 तक चलेगी. ट्रेन संख्या 08743 दुर्ग से हर रविवार सुबह 11:00 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 17:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी, जबकि वापसी में यह सोमवार को हरिद्वार से प्रस्थान करेगी. 24 कोचों वाली यह ट्रेन रायपुर, भाटापारा, उस्लापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और दिल्ली जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
इसी तरह दक्षिण और उत्तर-पूर्वी बिहार को जोड़ने के लिए तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन का संचालन 13 अप्रैल से 28 मई तक किया जाएगा. ट्रेन संख्या 07051 तिरुपति से हर सोमवार सुबह 08:15 बजे निकलकर मंगलवार को दुर्ग (11:50), रायपुर (12:30) और बिलासपुर (14:25) होते हुए बुधवार शाम रक्सौल पहुंचेगी. रक्सौल से इसकी वापसी हर गुरुवार तड़के 03:15 बजे होगी. इन लंबी दूरी की ट्रेनों के अलावा, रेलवे ने अन्य मार्गों पर भी विशेष प्रबंध किए हैं.
इसमें इतवारी–मालदा टाउन स्पेशल अप्रैल के अंतिम सप्ताह में, इतवारी–शालीमार एक्सप्रेस 2 अप्रैल से 26 जून तक और पटना–चर्लपल्ली स्पेशल 8 अप्रैल से 27 मई के बीच संचालित होगी. साथ ही, एलटीटी-संतरागाछी स्पेशल और हटिया–एलटीटी ट्रेनों के माध्यम से भी यात्रियों को राहत दी गई है.
रेलवे प्रबंधन का मानना है कि इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को अब महानगरों के लिए कनेक्टिंग ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. छत्तीसगढ़ से अब उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत के प्रमुख राज्यों के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी. इन विशेष ट्रेनों का मुख्य ठहराव रायपुर और बिलासपुर स्टेशनों पर रखा गया है, जिससे प्रदेश के बड़े हिस्से के यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.
