अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में बेलगाम बाइकर्स का जानलेवा आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार दोपहर खूनी रफ्तार के शौक ने एक दिव्यांग शिक्षक को अपनी चपेट में ले लिया. मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रतिबंधित शोर के साथ सड़कों पर फर्राटा भर रहे बाइकर्स ने लाल बंगला के पास एक बाइक सवार दिव्यांग शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नावाटोली ढेलसरा निवासी 45 वर्षीय दिव्यांग शिक्षक राजन टोप्पो अपने परिवार के साथ सीतापुर से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुरानी बस्ती स्थित लाल बंगला के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक (क्रमांक CG15-EC-8252) ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक अपने परिवार समेत दूर जा गिरे. हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार युवक अपनी क्षतिग्रस्त बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.
सांस लेने में हो रही तकलीफ, उपचार जारी
हादसे में शिक्षक राजन टोप्पो के सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही है. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर बाइक को जब्त कर लिया है.
ओवरटेक और शोर बना मुसीबत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक सुबह से ही नगर में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर के शोर से आतंक मचा रहे थे. दुर्घटना के समय भी युवकों ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे शिक्षक की बाइक से जा भिड़े.
नगरवासियों में आक्रोश
इस घटना से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है. लोगों का कहना है कि पुलिस को इन बाइकर्स के खिलाफ कड़ा अभियान चलाना चाहिए. नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन पर लगाम नहीं कसी गई, तो जनता को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.
