जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरों ने एक बार फिर आस्था पर चोट पहुंचाते हुए मंदिर को निशाना बनाया है. ग्राम पंचायत नन्हेसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला और मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए. सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला.
यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को निशाना बनाया गया हो. जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में भी इसी मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना सामने आई थी. उस समय भी ग्रामीणों ने सन्ना पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन आरोपी पकड़े नहीं जा सके थे. बाद में चोर ने कथित तौर पर पश्चाताप करते हुए खंडित शिवलिंग को मंदिर परिसर में ही वापस रख दिया था.

सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि “शिवलिंग चोरी की सूचना मिली है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.” वहीं, लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस आस्था के केंद्र की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
