इंदौर. मध्य प्रदेश में इंदौर के पाटनीपुरा इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पूजा सामग्री की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास की दुकानों को तुरंत खाली करा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
फायर ब्रिगेड को रात करीब 1:40 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाने के लिए 17 हजार लीटर से ज्यादा पानी का इस्तेमाल करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की.
आग ‘विनायक पूजा पाठ सामग्री’ नामक दुकान में लगी थी. घटना के समय दुकान बंद थी, जिसके कारण अंदर धुआं तेजी से भर गया और आग ने भीषण रूप ले लिया. दमकल कर्मियों को शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.
पुलिस के अनुसार इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी है. दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. दुकान मालिक सुधीर अग्रवाल के भाई दीपक अग्रवाल ने भी यही आशंका जताई है.
घटना की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. प्रशासन की तत्परता से आसपास की दुकानों को समय रहते खाली करा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
