रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्मी ने अब खतरनाक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी कर दिया है। अनुमान है कि 14 और 15 अप्रैल से गर्मी और विकराल रूप ले सकती है, जिसमें बिलासपुर और दुर्ग संभाग में पारा 42 डिग्री या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम से आ रही शुष्क और गर्म हवाएं इस भीषण गर्मी की मुख्य वजह बन रही हैं। विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खासतौर पर 15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य हिस्सों में लू जैसे हालात बनने के संकेत हैं।
रविवार को सबसे अधिक तपिश रायपुर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में भी 40 डिग्री के आसपास तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष प्रबंधन कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों का सेवन करने की अपील की गई है। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर ढकने की भी सलाह दी गई है।
यदि किसी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे तेज बुखार, चक्कर आना या बेहोशी दिखाई दे, तो तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 0771-3519250 या एम्बुलेंस सेवा 108 पर संपर्क करने को कहा गया है।
