रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस विभाग में पदस्थ एक महिला आरक्षक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में उनके ही सरकारी क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई है और मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, आज़ाद चौक थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कॉलोनी में रहने वाली महिला आरक्षक पूजा कुशवाहा का शव शनिवार रात करीब 8:30 बजे उनके कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। हत्या या साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ जारी है, ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।
फिलहाल आज़ाद चौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है।
