दुर्ग। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दोपहर करीब 12 बजे लापता हुई 5 साल की मासूम बच्ची लगभग दो घंटे बाद गांव के ही एक कुएं के पास बोरे में बंद हालत में बरामद हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग बच्ची की तलाश में जुट गए।
बताया जा रहा है कि बच्ची का मुंह तकिए के खोल से बांधकर उसे बोरे में भरकर फेंक दिया गया था। तलाश के दौरान गांव के दो युवकों ने सबसे पहले बच्ची को बदहवास हालत में देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। डरी-सहमी बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची की मेडिकल जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। इस घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया।
