सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। ग्राम कौशलपुर में रहने वाले विनोद उपाध्याय के सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 4 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि विनोद उपाध्याय गुरुवार सुबह करीब 11 बजे किसी रिश्तेदार के यहां भागवत कथा में शामिल होने गए थे, इसी दौरान चोरों ने घर में धावा बोल दिया।
रात में जब वे वापस लौटे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी पेटी से सोना-चांदी के जेवर गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आते हुए और आसपास मंडराते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और आसपास के अन्य CCTV कैमरों को भी खंगाल रही है।
