अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर स्थित सद्भावना चौक में कुछ दिन पहले फुटपाथ पर मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सनसनीखेज दुष्कर्म और हत्या कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के आठवें दिन एमसीबी जिले के चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने महामाया द्वार के समीप सद्भावना चौक के फुटपाथ पर महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश का माहौल बन गया था और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव बढ़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पर इनाम घोषित किया था, जिसकी राशि 35 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये तक कर दी गई थी। लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस ने आरोपी को कोरिया जिले से धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद सरगुजा पुलिस की टीम आरोपी को अम्बिकापुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है। अब इस बहुचर्चित मामले में आगे की कार्रवाई और खुलासों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
