कोरबा। जिले के नकटीखार इलाके में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक साधारण सी दिखने वाली बाइक के भीतर छिपा करीब 6 फीट लंबा खतरनाक ब्लैक कोबरा अचानक सामने आ गया। रात करीब 11 बजे दीपक एक्का के घर के बाहर खड़ी बाइक में यह जहरीला सांप छिपा बैठा था। जैसे ही बाइक के पास हलचल हुई, कोबरा ने फुफकार भर दी और मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
देखते ही देखते घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी भी अनहोनी की आशंका के बीच परिजनों ने तुरंत सर्पमित्र टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य अजय, तिलक और सतेंद्र मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने में जुट गए।
रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले घर के सभी लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और फिर बेहद सावधानी के साथ ऑपरेशन शुरू किया। अनुभवी रेस्क्यूर अजय ने बाइक की सीट के नीचे छिपे कोबरा को बड़ी सतर्कता और कौशल से बाहर निकाला। कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित काबू में कर लिया गया, जिसके बाद पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी और बारिश के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों या वाहनों में घुस जाते हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध स्थिति में खुद जोखिम उठाने के बजाय तुरंत विशेषज्ञों को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित उपाय माना जाता है।
