रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भीषण गर्मी दस्तक देने जा रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उछाल दर्ज किया जाएगा, जिससे दिन के समय तेज धूप और झुलसाने वाली गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
खासतौर पर 12 अप्रैल के बाद रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके चलते इन क्षेत्रों में लू जैसे हालात बन सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहा। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ओडिशा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और तमिलनाडु तक फैले उत्तर-दक्षिण ट्रफ का असर फिलहाल छत्तीसगढ़ पर खास नहीं पड़ रहा है। यही वजह है कि प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है।
आने वाले दिनों में भी मौसम साफ रहने के संकेत हैं। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह शुष्क बना रहेगा।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है, ताकि लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
