धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में गुरुवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब Himanta Biswa Sarma द्वारा Mallikarjun Kharge पर की गई टिप्पणी के विरोध में जिला युवा कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल के साथ हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी, प्रदेश प्रवक्ता राकेश मौर्या, प्रदेश सचिव उदित साहू समेत अन्य नेताओं ने इस बयान को न केवल आपत्तिजनक बल्कि सामाजिक रूप से अपमानजनक बताया। उनका कहना था कि इस तरह की भाषा किसी एक नेता के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के एससी-एसटी समाज के करोड़ों लोगों की गरिमा पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि ऐसे बयानबाजी पर रोक नहीं लगी तो विरोध और तेज किया जाएगा। पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया।
