महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 312 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि पूछताछ के आधार पर ओडिशा के बरहमपुर से तीन और आरोपियों को धर दबोचा गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपये आंकी गई है, वहीं कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक ट्रक में अवैध गांजा लाया जा रहा है। इस पर एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ ही देर में बताए गए नंबर का ट्रक पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी लेने पर उसमें 312.590 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। ट्रक में सवार कर्नाटक निवासी इम्तियाज खान और मध्यप्रदेश निवासी रवि प्रकाश राउतकर को मौके पर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के सोनपुर से मुंबई ले जा रहे थे।
पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए महज 12 घंटे के भीतर सप्लाई चेन से जुड़े तीन और आरोपियों जियाउल हक, नदीम अंसारी और सुखविंदर उर्फ बुलबुल को बरहमपुर, ओडिशा से गिरफ्तार किया। ये आरोपी गांजा के थोक खरीदार और परिवहन व्यवस्था से जुड़े हुए थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजे के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, एक कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जिले में पिछले तीन महीनों में गांजा तस्करी के 68 मामलों में कुल 4681 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है और 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें बड़ी संख्या अन्य राज्यों के तस्करों की है।
महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की इस संयुक्त कार्रवाई को तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक तस्करी की पूरी कड़ी को तोड़ने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
