गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। गौरेला सारबहरा रोड निवासी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 21 जी 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित पिकअप पास में खड़ी एक बस से भी जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया। मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। हादसे में वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हुआ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रही थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक लल्लू की तलाश तेज कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
