अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले के दौरे के दौरान लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किसान सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए विकास की नई सौगात दी। छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेती-किसानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 15 प्रगतिशील किसानों को मंच पर सम्मानित किया और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले को 281.95 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 51 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर बड़ी राहत दी। इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, सिंचाई सुविधाओं और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।
साथ ही जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम साय ने लुण्ड्रा में भव्य स्टेडियम, नए विश्राम गृह के निर्माण, किसानों की सुविधा के लिए उप कृषि मंडी की स्थापना और लुण्ड्रा से धौरपुर होते हुए सन्ना (जशपुर) तक सड़क निर्माण की मंजूरी देने की घोषणा की। इस सड़क परियोजना से सरगुजा और जशपुर जिलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
