राजनांदगांव। जिले के गंज मंडी परिसर में ट्रक से चना चोरी का मामला सामने आते ही बसंतपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से चोरी किया गया चना और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। तेज कार्रवाई को लेकर पुलिस की टीम चर्चा में है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी रौनक जैन ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल को उनका ट्रक चना लोड कर मंडी परिसर में खड़ा था, लेकिन अगली सुबह जांच करने पर ट्रक से चना के कट्टे गायब मिले। मौके पर चना बिखरा हुआ था और वजन कराने पर करीब 300 किलो चना कम पाया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में शरद यादव, बाबू मरकाम उर्फ शशि, देवेन्द्र राजपूत और उमेश विश्वकर्मा ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी शरद यादव के पास से करीब 250 किलो चना (लगभग 17 हजार रुपये मूल्य) बरामद किया, वहीं अन्य आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक्टिवा भी जब्त की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी जारी है।
